युगमंच के 50 वर्ष पूर्ण होने पर शाइनिंग स्टार स्कूल की गौरवमयी प्रस्तुति

नैनीताल | 31 जुलाई
युगमंच एवं शारदा संघ, नैनीताल द्वारा 25 जून से 31 जुलाई तक आयोजित बाल नाट्य शिविर एवं नाट्य समारोह में शाइनिंग स्टार स्कूल को अपनी प्रस्तुति देने का गौरव प्राप्त हुआ। युगमंच की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में आयोजित इस विशेष नाट्य समारोह में विद्यालय के विद्यार्थियों का आमंत्रित होना शाइनिंग स्टार स्कूल के लिए अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय रहा।
बाल नाट्य शिविर के दौरान बच्चों ने रंगमंच की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया और 30 एवं 31 जुलाई को आयोजित फाइनल प्रोडक्शन शो में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर संजय रिखाड़ी द्वारा निर्देशित नाटक ‘मिसिंग राजधानी’ का मंचन किया गया। नाटक उत्तराखंड आंदोलन, राज्य निर्माण के बाद की परिस्थितियों तथा स्थायी राजधानी को लेकर आज भी जनता के बीच मौजूद असमंजस और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को बच्चों की दृष्टि और संवेदनशील समझ के माध्यम से प्रस्तुत करता है।
नौटंकी और एपिक थिएटर की शैली में प्रस्तुत इस लगभग 2 घंटे 10 मिनट के नाटक में विद्यार्थियों ने अपनी ऊर्जा, संवाद-अभिव्यक्ति, अभिनय और मंचीय अनुशासन से दर्शकों को प्रभावित किया। पारंपरिक लोकनाट्य शैली और समकालीन विषय के इस अनूठे मेल ने प्रस्तुति को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम में शारदा संघ के अध्यक्ष प्रो. डी.एस. पोखरिया, युगमंच के सचिव एवं शिविर निदेशक मनोज कुमार, युगमंच के अध्यक्ष जहूर आलम सहित नैनीताल के अनेक वरिष्ठ रंगकर्मी उपस्थित रहे।
शाइनिंग स्टार स्कूल युगमंच, नैनीताल का हृदय से आभार व्यक्त करता है कि उन्होंने अपने 50 वर्षों की गौरवशाली रंगमंचीय यात्रा के इस ऐतिहासिक अवसर पर हमारे विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित मंच प्रदान किया। यह अनुभव बच्चों के लिए केवल एक नाट्य प्रस्तुति नहीं, बल्कि रंगमंच, समाज और उत्तराखंड की सांस्कृतिक चेतना को समझने का एक अविस्मरणीय अवसर रहा।

शाइनिंग स्टार स्कूल परिवार को अपने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों पर गर्व है। यह प्रस्तुति हमारे बच्चों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और टीम भावना का सुंदर उदाहरण है।